रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रदेश की विभिन्न जेलों में भी भावनाओं से भरा माहौल देखने को मिला। जेलों में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। कई जेलों के बाहर बहनों की लंबी कतारें नजर आईं। लंबे समय बाद भाइयों से मुलाकात का मौका मिलने पर कहीं बहनें भावुक दिखाई दीं, तो कहीं उन्होंने भाइयों को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। रक्षाबंधन को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कई जेलों में बंदी भाइयों से मिलने आने वाली बहनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, बलौदाबाजार और अंबिकापुर की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ मुलाकात की विशेष व्यवस्था की गई है। सुबह से ही बहनों का जेल पहुंचना शुरू हो गया था। अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनें कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं।














