राजनांदगांव।खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भोलाराम साहू ने लगातार बदलते मौसम और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो चुकी हैं, किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है, लेकिन शासन-प्रशासन अब तक मौन है।
विधायक साहू ने कहा कि “किसान हमारे अन्नदाता हैं, उनकी मेहनत पर ही यह राज्य टिका है। लेकिन आज जब किसान संकट में हैं, सरकार सोई हुई है। साय सरकार नींद में है, किसानों के दर्द को देख नहीं पा रही।”
उन्होंने आगे कहा कि “किसानों के अलावा अब छत्तीसगढ़ की आम जनता को भी सरकार ने बिजली बिल बढ़ाकर परेशान करने का काम किया है। एक तरफ राज्य सरकार राजस्व बढ़ाने का दावा कर रही है, लेकिन किसानों की सुध नहीं ले पा रही — यह कैसा राज्योत्सव है? यदि राज्योत्सव मनाना है तो पहले किसानों की पीड़ा को समझना होगा।”
भोलाराम साहू ने कहा कि वे किसानों की समस्याओं को लेकर शासन को जगाने का कार्य करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाए, साथ ही बिजली बिल वृद्धि को वापस लेकर आम जनता को राहत दी जाए।
उन्होंने कहा कि “सरकार को जागना होगा, किसान की आवाज सुननी होगी और विकास के वास्तविक अर्थ को समझना होगा। अगर अन्नदाता दुखी रहेगा तो राज्य का विकास अधूरा रहेगा।”





