राजनांदगांव । प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने राजनांदगांव जिले के प्रवास के दौरान धान उपार्जन केन्द्र भर्रेगांव, सिंघोला, ढाबा, गठुला, पदुमतरा, डुमरडीहकला, रेंगाकठेरा, सुकुलदैहान, भानपुरी, मुसराकला एवं बेलगांव में धान खरीदी कार्य का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से चर्चा कर उनसे मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान की गुणवत्ता, आद्र्रता मापी यंत्र से धान की नमी और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन के माध्यम से धान तौलाई का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से ऑनलाईन टोकन, नाप तौल, कोचियों एवं बिचौलियों के संबंध में जानकारी ली।किसानों ने बताया कि धान विक्रय करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। प्रभारी सचिव ने सभी कम्प्यूटर ऑपरेटर को दिए गए प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की तकनीकी दिक्कत होने पर उसका त्वरित समाधान करें। किसानों ने उन्हें बताया कि इस बार राजनांदगांव जिले में बारिश अच्छी हुई है और धान की पैदावार भी अच्छी हुई है।प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने कहा कि धान खरीदी के समय स्वच्छ, सूखा एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी होना चाहिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में मोटा, पतला, सरना धान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों में कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर्स, इंटरनेट क्नेक्टीविटी, श्रमिकों, भंडारण, पेयजल, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सभी समितियों में फलैक्स के माध्यम से किसानों को धान खरीदी के समय की जानकारी दी गई है तथा किसानों को टोकन पर्ची, किसान पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं पंजीयन की प्रति लाने संबंधी सूचना चस्पा की गई है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, एसडीएम राजनांदगांव गौतमचंद पाटिल, सीईओ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव सुधीर सोनी, डीएमओ हिना खान एवं अन्य अधिकारी व किसान उपस्थित रहे।





