राजनांदगांव जिला चिकित्सालय प्रदेश में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रहे अग्रणी – विधानसभा अध्यक्ष

राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रूपए की लागत से जिला चिकित्सालय के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य का लोकार्पण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का शिलान्यास किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रूपए की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण किया गया है तथा 2 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मजबूत अधोसंरचना है। राजनांदगांव जिला चिकित्सालय एवं शासकीय मेडिकल कालेज से स्वास्थ्य सेवाएं लेने वाले मरीजों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए सक्रियता एवं सजगता से कार्य किया जा रहा है। यह टीम के लिए उपलब्धि है। शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर सबसे बड़ी चुनौती है।

जिसके खिलाफ राजनांदगांव जिले में लड़ाई लड़ी जा रही है। जिसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। मातृ मृत्यु दर के आंकड़े राज्य के औसत से कम है, यह एक सुखद संकेत है। जिला चिकित्सालय को और भी स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजनांदगांव का जिला चिकित्सालय अग्रणी रहे। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में छत की मरम्मत कराने, लिफ्ट का सुधार कार्य कराने, डीएमएफ मद से 2 स्त्री रोग विशेषज्ञ, डेंटल एक्स-रे मशीन, सेपरेटर मशीन की व्यवस्था की जाएगी। राज्य के बजट से यहां की अन्य दिक्कतों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय का आज एक नया स्वरूप देख रहे हैं और आज यह नये कलेवर के साथ जिलेवासियों को मिला है। जिला चिकित्सालय के डॉक्टर एवं नर्स तत्परता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे है। यहां जिला चिकित्सालय में ऊंचाई विस्तार एवं उन्नयन की आवश्यकता थी, जिसकी पूर्ति की गई है। जिला चिकित्सालय में सुविधाओं की निरंतर बढ़ोत्तरी की जा रही है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिला चिकित्सालय की टीम का यह दायित्व है कि समय पर मेहनत करते हुए सही दिशा एवं आयामों में कार्य करें। जिला पंचायत सीइओ सुश्री सुरूचि सिंह ने जिला चिकित्सालय के प्रतिवेदन का वाचन किया।

उन्होंने बताया कि जिले में हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की निरंतर मानिटरिंग की जा रही है। मातृ मृत्यु दर में कमी आयी है। इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत, समाजसेवी श्री गौतम पारख, जीवनदीप समिति से श्री गुरमुख दास, श्री राजेश श्यामकर, श्री भागचंद, श्री अरविंद, श्री कांति कुमार फुले, श्री आनंद साहू, श्री संदीप भट्टाचार्य, श्रीमती रेखा मेश्राम, श्रीमती खेमीन यादव, श्री अकरम कुरैशी, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या नागरिक उपस्थित थे।

Hot Topics

Related Articles