Wednesday, February 25, 2026
More

    राजनांदगांव: डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई ,अवैध शराब तस्करी के तीन मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार

    राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में डोंगरगढ़ पुलिस ने अलग-अलग तीन प्रकरणों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने इन मामलों में कुल 81 पाव देशी रोमियो शराब एवं 20 पाव शोले देशी मसाला शराब, कुल 18.180 बल्क लीटर शराब जब्त की है। साथ ही शराब तस्करी में उपयोग किए जा रहे तीन दोपहिया वाहन भी जप्त किए गए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9,060 रुपये तथा वाहनों की कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

    पहला मामला अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत 21 जनवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम कटली-कलकसा रोड, भैसरा मोड़ के पास हाई स्कूल के सामने घेराबंदी कर मोनू निर्मलकर एवं मनीष साहू को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 29 पाव देशी मसाला शराब (5.220 बल्क लीटर) एवं बिना नंबर की हीरो होंडा मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

    दूसरे मामले अपराध क्रमांक 38/2026 में पुलिस ने ग्राम खमतराई पथरा टोला मोड़ के पास प्रकाश गोड़ को पकड़ा। उसके पास से 12 पाव देशी प्लेन शराब, 20 पाव शोले देशी मसाला शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी को भी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

    तीसरे मामले अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत ग्राम मेढ़ा से पटपर रोड ईंट भट्ठी के पास हेमलाल टंडन को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब एवं एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी जप्त की गई। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

    सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

    उक्त कार्रवाई में निरीक्षक संतोष कुमार जायसवाल, उप निरीक्षक रोहित खुंटे, सहायक उप निरीक्षक अनिल गहिने, प्रधान आरक्षक प्रदीप प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!