राजनांदगांव। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने पर आरोपी द्वारा उससे विवाह किए जाने की बात भी सामने आई।पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया ने 9 सितंबर 2026 को थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 416/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने करण यादव (21), पिता ओमप्रकाश यादव, निवासी चौखड़ियापारा, थाना बसंतपुर को मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना के संबंध में अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि नाबालिग बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।








