राजनांदगांव । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा राजनांदगांव द्वारा भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव में नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया तथा स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज सृष्टि के निर्माता भगवान विश्वकर्मा का जन्मदिवस है एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया है। उन्होंने सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक एवं यादगार है। नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर में गंभीर बीमारी के मरीजों का ईलाज कर चिकित्सकों ने अमूल्य सेवा दी है।
नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, ऑर्थोपेडिक एण्ड जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट, नेफ्रोलॉजिस्ट, ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिसिन विशेषज्ञ सहित प्रदेश के विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ ही जिले के चिकित्सकों ने अपनी अमूल्य सेवाएं दी है। प्रदेश से आए 18 एवं जिले से 12 कुल 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर में 2056 मरीजों ने अपना पंजीयन कराया था। मरीजों को ईलाज के साथ आयुष्मान कार्ड, दवाईयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुझाव दिए गए। वही सीआरसी के स्टॉल में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण दिए गए है। दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं पढ़ाई के लिए सीआरसी एक अद्भुत केन्द्र है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रास सोसायटी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, डीन, पैरामेडिकल स्टॉफ, वालेंटियर्स एवं नर्सिंग स्टॉफ, मेडिकल विद्यार्थियों सभी के सहयोग से नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का अच्छा आयोजन किया गया है।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शिविर की सफलता इस बात में है कि मरीजों का ईलाज करने के बाद उनका फॉलोअप लेते हुए अंतिम निराकरण के लिए कार्य योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि हृदय रोग के मरीजों को आगे के ईलाज के लिए रिफर भी किया जाएगा। आज के शिविर में 8 मरीजों को अभी पता चला की उन्हें हृदय रोग की बीमारी है। इसी तरह किडनी तथा मधुमेह व मोतियाबिंद के मरीजों को यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें यह बीमारी है। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को जिन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलती है। उनके लिए यह शिविर महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों का जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त है, उन्हें रायपुर या उच्च केन्द्रों में शत-प्रतिशत ईलाज कराएंगे।प्रदेश अध्यक्ष भारतीय रेडक्रास सोसायटी श्री तोमन साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर कोटि-कोटि बधाई दी। भारतीय रेडक्रास सोसायटी द्वारा आयोजित नि:शुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेवा ही हमारा धर्म है और सेवा कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है, प्रदेश को आगे बढ़ाना है। पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी दृढऩायक, समर्पित राष्ट्रभक्त एवं प्रेरणास्रोत है। यह कामना है कि वह दीर्घायु रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय रेडक्रास सोसायटी विभिन्न क्षेत्रों में मानव सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। शिविर के माध्यम से जनसामान्य को आज इसका लाभ मिला है।





