Saturday, February 14, 2026
More

    राजनांदगांव: पिस्टल और कट्टा दिखाकर दहशत फैलाने वाले सात आरोपी गिरफ्तार, 2 पिस्टल व 2 देशी कट्टा बरामद

    राजनांदगांव। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिस्टल और देशी कट्टा दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 02 पिस्टल, 02 देशी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र के नागरिकों ने सूचना दी कि ‘चार्ली’ नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल और कट्टा लहराकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी चिखली ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर चार संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

    पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (शंकरपुर), डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (पेण्ड्री), सेवक कश्यप उर्फ डाला (शंकरपुर) और गुंजेश वर्मा उर्फ शिया (शंकरपुर) बताए। तलाशी के दौरान शिवम के पास से एक पिस्टल व जिंदा कारतूस तथा डिगम्बर के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

    पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख उर्फ मोनू (चंद्रखुरी, दुर्ग) के साथ मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से 02 पिस्टल और 02 कट्टा खरीदे थे, जिन्हें क्षेत्र में रौब जमाने और बिक्री के लिए लाया गया था। एक देशी कट्टा विक्की देशमुख के पास और एक पिस्टल उमेश साहू (धमतरी) को देने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर दुर्ग में दबिश दी और विक्की के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया।

    इसी कड़ी में सूचना मिली कि उमेश साहू अपने साथी जतीनदास मानिकपुरी के साथ राजनांदगांव आ रहा है। मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया, जहां जतीनदास के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की गई।

    प्रकरण में कुल सात आरोपियों — शिवम सिन्हा, डिगम्बर साहू, सेवक कश्यप, गुंजेश वर्मा, विक्की देशमुख, जतीनदास मानिकपुरी एवं उमेश साहू — को अवैध हथियार रखने और लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में धारा 111 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

    पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

    उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सउनि विनोद कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, किशोर मार्बल, आदित्य सोलंकी सहित साइबर सेल के उप निरीक्षक नरेश बंजारे, प्रधान आरक्षक बसंत राय, आरक्षक परिवेश वर्मा, प्रख्यात जैन एवं चौकी चिखली स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!