Friday, February 27, 2026
More

    राजनांदगांव: पुलिस अधीक्षक ने ली जिले के थाना चौकी प्रभारियों की क्राइम मीटिंग

    राजनांदगांव। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली।

    बैठक में जिले की वर्तमान अपराध स्थिति, लंबित मामलों, गुंडा-बदमाशों पर कार्रवाई तथा यातायात एवं जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि विवेचना में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    हाईवे रोड पर चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों से पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही गुंडा एवं निगरानी बदमाशों पर सख्त नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

    पुलिस अधीक्षक ने नए अपराधियों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें गुंडा व निगरानी सूची में शामिल करने तथा नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग, नियमित चेकिंग और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

    क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम, एसडीओपी डोंगरगांव श्री दिलीप सिसोदिया, डीएसपी श्रीमती तनुप्रिया ठाकुर, डीएसपी श्री एंब्रोस कुजूर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!