राजनांदगांव। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस ने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद परिवारों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया और उनके प्रति संवेदना व कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा तथा राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को नमन किया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के त्याग, समर्पण और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
राजनांदगांव पुलिस ने शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।






