राजनांदगांव। शहर का सबसे व्यस्ततम मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर्स में एक बार फिर से चोरी की वारदात हुई है। बीते सितंबर माह की 17-18 तारीख की दरम्यानी रात भी इसी दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। उस वक्त लगभग 7 लाख रूपये आरोपी ले उड़े थे।
इस बार 65 हजार रूपये की चोरी सामने आयी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौबिसों घंटे आवाजाही में रहने वाले मानव मंदिर चौक में एक बार फिर चोरों ने दबिश देकर 65 हजार रूपये उड़ा दिये। दुकान के गल्ले में चिल्हर के नाम पर रखे नोटों को अज्ञात आरोपियों ने पार कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम ने बताया कि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद तस्वीरों को निकाला गया है। लगभग पूरे समय पुलिस की निगरानी में रहने वाले उक्त चौक में बार-बार चोरी की वारदात ने व्यापारियों में असुरक्षा की भावना को बढ़ा दिया है। दूसरी ओर पुलिस भी आये दिन रात्रि गश्त के समाचार से आरोपियों को सचेत करती आ रही है। सवाल यह उठता है।
आरोपियों में पुलिस का भय क्यों नहीं है ? स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस कथित तौर पर चेकिंग और निगरानी में व्यस्त नजर आती है, लेकिन चोर अब पुलिस से एक कदम आगे निकल चुके हैं। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस अधिकतर समय फेसबुक और व्हाट्सएप पर वीडियो और तस्वीरें डालकर यह दिखाने में लगी रहती है।कि पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर हर गाड़ी की जांच और शहर की चौकसी के दावे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर चोरी जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।





