राजनांदगांव । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव प्रवास के दौरान जिला पंचायत सभाकक्ष में सुशासन तिहार 2025 के संबंध में पत्रकार-वार्ता ली। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन तिहार में हम लगातार दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। सबसे पहले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर ब्लाक के सीतागांव में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुआ। इसके बाद खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के झुरानदी गांव में आकस्मिक रूप से पहुंचकर चौपाल में ग्रामीणों से चर्चा की। इन दोनों ही गांवों में ग्रामीणों से योजनाओं पर फीडबैक लिया।महतारी वंदन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को मिल रहा हैं। किसानों ने बताया कि उन्हें धान का प्रति क्विंटल 3100 रूपए मिल रहा है। झुरानदी ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 54 आवासों का लक्ष्य मिला है। आवास सर्वे की भी ग्रामीणों से जानकारी ली। यह देख कर खुशी हुई कि हमारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही हैं। अधिकारी-कर्मचारियों का काम संतोषजनक है। सीतागांव के समाधान शिविर में ग्रामीणों के आग्रह पर मैने विकास कार्यों से संबंधित घोषणाएं भी की।
सीतागांव उप-स्वास्थ्य केंद्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन और सीतापुर हाई स्कूल के हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन की घोषणा की। अंबागढ़ चौकी में 132 केवी विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना तथा मोहला में बस स्टैण्ड और छात्रावास निर्माण की घोषणा की। झुरानदी गांव में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण, ग्राम में सीसी सड़क निर्माण के लिए 20 लाख रूपए की घोषणा की। दो उच्च स्तरीय पुल निर्माण की घोषणा की। गंडई से कृत बाधा पहुंच मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 54 लाख रूपए और गंडई करानाला पहुंचमार्ग पर लिमो पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 52 लाख रूपए की घोषणा की





