Saturday, February 14, 2026
More

    राजनांदगांव: वैलेंटाइन डे के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष पुलिस व्यवस्था

    राजनांदगांव। आज वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुबह से ही शहर के प्रमुख पार्क, गार्डन, मंदिर, पिकनिक स्पॉट, पर्यटन स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

    पुलिस अधीक्षक महोदया सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं। राजनांदगांव, डोंगरगढ़ एवं डोंगरगांव क्षेत्र के समस्त थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात हैं। इस विशेष व्यवस्था में लगभग 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।

    शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जहां निरंतर पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है।

    सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों की मॉनिटरिंग की जा रही है। कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखा गया है तथा डायल-112/आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या उकसाने वाली पोस्ट पर तत्काल संज्ञान लिया जा सके। होटल, लॉज एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी नियमित जांच की जा रही है।

    यदि कोई व्यक्ति शहर की शांति भंग करने, हुड़दंग करने, छेड़छाड़ करने अथवा कानून को अपने हाथ में लेने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस द्वारा सख्त एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    जिला पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करती है कि वे संयम एवं मर्यादा बनाए रखें, आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या कंट्रोल रूम को दें।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!