राजनांदगांव। आगामी 2 से 5 मार्च तक मनाए जाने वाले होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में तैयार की गई इस कार्ययोजना के तहत जिलेभर में 700 से अधिक अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे।
पूर्व समन्वय और जनसहभागिता पर जोर पर्व से पूर्व सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा कोटवार, सरपंच, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्यों और व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष बैठकें आयोजित कर सामुदायिक समन्वय स्थापित किया गया है। होटल, लॉज, ढाबा, बार और रिसॉर्ट संचालकों को सत्यापन एवं निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
चार जोन में बंटी सुरक्षा रणनीति
जिले को शहरी, अर्ध-शहरी, ग्रामीण एवं बॉर्डर क्षेत्र—इन चार जोनों में विभाजित कर अलग-अलग रणनीति बनाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स्ड प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है तथा दंगा नियंत्रण दल और रिजर्व बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
गश्त, फ्लैग मार्च और ड्रोन निगरानी
आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा। पैदल गश्त, बाइक पेट्रोलिंग और मोबाइल फ्लाइंग स्क्वॉड लगातार सक्रिय रहेंगे। सिविल ड्रेस में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों पर गोपनीय नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी।
24×7 कंट्रोल रूम और तकनीकी मॉनिटरिंग
जिला स्तर पर 24×7 विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो एक राजपत्रित अधिकारी के अधीन संचालित होगा। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई
पूर्व में आर्म्स एक्ट, धारा 107/116 और 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई किए गए व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनकी सघन निगरानी की जा रही है। आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। आबकारी अधिनियम के तहत विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। सड़क किनारे शराब सेवन करने वालों एवं “चखना सेंटर” पर भी कार्रवाई जारी है।
विशेष यातायात अभियान
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। ट्रिपल सवारी, मॉडिफाइड या बिना साइलेंसर वाले वाहन तथा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर सख्ती बरती जा रही है। प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम गठित की गई है। किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 9479192100 तथा कंट्रोल रूम नंबर 9479192199 पर संपर्क किया जा सकता है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से होली पर्व को शांति, भाईचारे और मर्यादा के साथ मनाने की अपील की है। अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, स्वास्थ्य विभाग और फायर ब्रिगेड से समन्वय स्थापित किया गया है।





