भाटापारा (मोहन तिवारी)विभिन्न आयोजनों के माध्यम से धर्म-संस्कृति प्रसार में सक्रिय नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद द्वारा प्रतिवर्ष गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर रामायण ज्ञान परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। यह परीक्षा दो वर्गों में आयोजित होती है। कनिष्ठ वर्ग की अधिकतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। वरिष्ठ वर्ग की अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित है।
समस्त ब्राह्मण प्रकल्पों की भागीदारी से आयोजित होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य भगवान राम के जीवनवृत्त की झांकी तथा मूल्यों का प्रसार है। इस वर्ष भी 23 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए तैयारियों का क्रम प्रारंभ हो गया है। इसी कड़ी में यज्ञस्थल, नाका नंबर एक में हनुमान लला के पूजन तथा श्रीचरणों में पंजीयन पुस्तिका अर्पित करने के साथ ही पंजीयन प्रारंभ हो गया है।
पंजीयन का प्रवेश शुल्क 20 रुपए निर्धारित किया गया है। पंजीयन पुस्तिका के पूजन अवसर पर मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, रोशन शर्मा, मोनू, मानिक प्रसाद दुबे, गिरधर गोपाल शर्मा, दिनेश शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। समस्त विप्रजनों से परीक्षा आयोजन में अधिक से अधिक भागीदारी का आग्रह किया गया है।






