रायपुर में आज IPL का रोमांच, मैच पर छाया बारिश साया

रायपुर। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार शाम तेज हवाओं, बादलों और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। राजधानी रायपुर सहित बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और अंबिकापुर में मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिला। कई इलाकों में तेज आंधी के कारण कुछ समय के लिए अंधेरा जैसा माहौल बन गया, वहीं भिलाई में तेज हवाओं के बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई। राजधानी रायपुर में आज होने वाले IPL मुकाबले RCB और मुंबई इंडियंस पर मौसम की मार पड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मैच के दौरान बारिश होने की स्थिति में खेल बाधित हो सकता है, जिससे दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से झारखंड तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों के ऊपर लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यही सिस्टम प्रदेश में मौसम परिवर्तन की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की गतिविधियां अगले दो दिनों तक जारी रह सकती हैं। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।

Hot Topics

Related Articles