रायपुर: लगातार बारिश ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल, कई कॉलोनियों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

रायपुर (सौरभ सिंह ठाकुर)रविवार 5 जुलाई 2026 को रायपुर में हुई लगातार बारिश ने नगर निगम की मानसून तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जबकि सड़कों पर घंटों तक पानी भरा रहा।

रविवार आधी रात से शुरू हुई लगातार बारिश ने राजधानी रायपुर के कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी, सुंदर नगर, संतोषी नगर, चंगोराभाठा सहित कई निचले क्षेत्रों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दी।

चंगोराभाठा क्षेत्र में कई घरों के भीतर बारिश का पानी घुसने से लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार जलभराव ने नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नालियों की समय पर सफाई और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों और कॉलोनियों में जमा रहा। कई स्थानों पर वाहन बंद हो गए, जबकि लोगों को पानी से होकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ा।

बात करे प्रोफेसर कॉलोनी, संतोषी नगर जैसे अन्य क्षेत्रों का तो यह कई गलियों और मकानों में पानी भरा हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की जानकारी पहले भी संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हर वर्ष ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका। नागरिकों का कहना है कि यदि मानसून से पहले नालों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए तो ऐसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में यदि जल निकासी व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Hot Topics

Related Articles