रास गरबा के प्रचार में पिस्टल और स्मोक रिंग्स: बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर बनी विवादित रील वायरल, SSP ने कहा – होगी कार्रवाई

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर

रास गरबा के प्रमोशन के लिए बनाई गई एक रील ने इंटरनेट मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर बनाई गई इस रील में युवतियां नजर आ रही हैं। वीडियो में लड़की धुएं के छल्ले उड़ाते दिखाई दे रही है, जबकि एक युवती पिस्टल लहराते हुए नजर आ रही है। रील इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि रास गरबा आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए यह वीडियो तैयार किया गया था। इसमें युवतियों के अलग-अलग अंदाज में रील बनाई गई है। वीडियो में एक युवती हाथ में पिस्टल लेकर उसे लहराते हुए दिखाई दे रही है। वहीं, धूम्रपान करते हुए धुएं के छल्ले उड़ाने के दृश्य भी शामिल हैं। हाईवे जैसे सार्वजनिक स्थान पर बनाए गए इस वीडियो को लेकर अब पुलिस की नजर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही सामग्री पर है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा इसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान कौन हैं। साथ ही पिस्टल असली है या किसी तरह का खिलौना अथवा नकली हथियार, इसकी भी जांच की जा रही है।

मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot Topics

Related Articles