राजनांदगांव। दान में मिली निजी भूमि पर अवैध तरीके से मुरुम खनन की शिकायत रिटायर्ड जवान ने पुलिस में की। उन्होंने बताया कि उनकी दान भूमि खसरा नंबर 10 पर गुरुवार सुबह जेसीबी (सीजी 08AZ8811) और माजदा (सीजी 04 ND 6157) से अवैध खनन किया गया। मामला डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घुंघवा का है। विवेकानंद नगर के रहने वाले रिटायर्ड जवान पीयूष साहू का आरोप है कि जब उन्होंने खनन रोकने का प्रयास किया, तो वाहन चालकों ने उनके साथ मारपीट भी की। उन्होंने बताया कि पांच माह पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। विवादित भूमि आनंद मार्ग प्रचारक संघ को दान में मिली है और इसके भू-स्वामी आचार्य सर्वेरू अवधूत हैं। रिटायर्ड जवान ने इस घटना की जानकारी एसपी अंकिता शर्मा को भी दी है। उन्होंने यह भी बताया कि 2024 में भी तत्कालीन कलेक्टर को अवैध उत्खनन की शिकायत की गई थी, लेकिन खनन पर रोक नहीं लग सकी। पीयूष साहू ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दान भूमि पर अवैध खनन में शामिल सभी आरोपियों पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए।





