रेल परियोजना की मंजूरी के बाद पहली बार खैरागढ़ पहुंचे सांसद संतोष पांडे, हुआ भव्य स्वागत

खैरागढ़ : डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी मिलने के बाद राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे पहली बार खैरागढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर गंडई, छुईखदान और जिला मुख्यालय खैरागढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने जोरदार स्वागत किया।

खैरागढ़ स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर सांसद का स्वागत किया। उन्हें पुष्पमालाएं पहनाई गईं और पुष्पगुच्छ भेंट कर रेल परियोजना को मिली स्वीकृति पर अभिनंदन किया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि वर्ष 2018 में परियोजना को मंजूरी मिलने के बावजूद विभिन्न प्रशासनिक कारणों और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव के चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुद्दा लगातार लोकसभा में उठाया गया और रेल मंत्रालय के समक्ष इसकी आवश्यकता को प्रमुखता से रखा गया।

सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिलासपुर रेल जोन के माध्यम से 6,947 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित लागत का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles