बलौदा बाजार भाटापारा विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतना तीन ग्राम रोजगार सहायकों को भारी पड़ गया। ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर जिला प्रशासन ने तीन रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर तथा जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले को उनके दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर बर्खास्त किया गया है।
रोजगार सृजन से लेकर अभिलेख संधारण तक जिम्मेदारी
जिला प्रशासन के अनुसार, वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, श्रमिक नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, अभिलेखों का संधारण तथा शासन के निर्देशों का पालन करना संबंधित अमले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यों में लापरवाही, अनियमितता अथवा शासकीय निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्ति को प्रशासन की इसी सख्ती का हिस्सा माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों में योजना के कार्यों के सुचारु संचालन और जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन पर प्रशासन का जोर रहेगा।






