लिफ्ट देकर सुनसान जगह ले गए फिर चाकू दिखाकर लूटा, दो आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। चिखली पुलिस ने चाकू दिखाकर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने के बहाने बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू दिखाकर उससे 8,500 रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 300 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक चाकू जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने चिखली पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 12 अगस्त 2026 को मोटरसाइकिल खरीदने के लिए राजनांदगांव आया था। रात हो जाने और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण वह वापस अपने घर के लिए रवाना हुआ था। रात करीब 9:15 बजे ग्राम गठुला से घर जाने के लिए उसने रास्ते में लिफ्ट मांगी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट दे दी। पीड़ित को उस समय अंदाजा नहीं था कि मदद के बहाने उसे लूटने की साजिश रची जा रही है।आरोप है कि दोनों युवक पीड़ित को मोटरसाइकिल से बोरी-जोरातरई रोड स्थित नहर पुलिया के पास ले गए। वहां आरोपियों ने चाकू निकालकर उसे डरा-धमकाया और उसके पास रखे 8,500 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित घटना से काफी डर गया था, इसलिए उसने उसी दिन पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। बाद में जब उसने आरोपियों को ग्राम बोरी में देखा तो चिखली पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 311, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई। पुलिस टीम ने ग्राम बोरी में दबिश देकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा वारदात को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु पटौती पिता अशोक पटौती उम्र 22 वर्ष निवासी बोरी वार्ड नंबर 16 और अशवन उर्फ अश्वनी नेताम पिता मासे गोड़ उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम बोरी के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल और 300 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MG 3474 और एक चाकू भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टण्डन, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी, तामेश्वर भुआर्य, खेमलाल पंचारी सहित चिखली चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles