लिव-इन साथी ने महिला की मंगलसूत्र से गला घोंटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें लिव-इन में रह रहे युवक ने अपनी महिला साथी धनेश्वरी विश्वकर्मा की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी विकेश कुमार बरेठ (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर थाना कोतरारोड़ में मर्ग कायम किया गया। प्रारंभ में मामला सामान्य मौत प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गले पर दबाव से दम घुटना बताया गया, जिसे तकनीकी रूप से ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या माना गया। इस रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।  जांच में प्रशिक्षु डीएसपी और थाना प्रभारी अजय नागवंशी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और विस्तृत छानबीन शुरू की। मृतिका के साथ रहने वाले युवक विकेश बरेठ पर शक जताया गया। हिरासत में पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में विकेश ने बताया कि वह धनेश्वरी का इलाज करवा रहा था, लेकिन वह समय पर दवाइयां नहीं लेती थी। इसके अलावा, धनेश्वरी का अपने पति मनोज विश्वकर्मा से तलाक नहीं हुआ था, जिससे दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। इन बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।  घटना वाले दिन भी विवाद हुआ। विकेश की नानी घर आई और समय पर खाना न बनने पर उसने धनेश्वरी को डांटा। नानी के लौट जाने के बाद विकेश ने देखा कि धनेश्वरी ने दवा नहीं ली। दोनों में फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में विकेश ने धनेश्वरी को थप्पड़ मारा। नाराज होकर वह जाने लगी, इसी दौरान विकेश ने पीछे से उसका मंगलसूत्र पकड़कर खींच लिया। इसके कारण उसका गला दब गया और वह गिरकर बेहोश हो गई। कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई। घबराए आरोपी ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। घटना के बाद आरोपी ने इसे छिपाने की कोशिश भी की।  मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) पोड़ीभाटा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा की निवासी थीं। उनकी शादी मनोज विश्वकर्मा से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। पति से विवाद के चलते वह पिछले चार वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात विकेश बरेठ से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में दोनों किरोड़ीमल नगर में पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। धनेश्वरी की तबीयत अक्सर खराब रहती थी, जिसका इलाज विकेश करवा रहा था। साथ ही उनका अपने पति से तलाक का मामला भी लंबित था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं पर जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

 

 

Hot Topics

Related Articles