- अनजान नंबर से फोन कर पैसे मांगने वालों से बचें, भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।वनमंडलाधिकारी, वनमंडल मुंगेली ने वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी की आशंका को लेकर आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति या भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर अभ्यर्थियों को फोन कर रहे हैं। चयन कराने का झांसा देकर उनसे धनराशि की मांग की जा रही है।
*भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष – वनमंडलाधिकारी*
वनमंडलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि `वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार की सिफारिश या धनराशि का कोई स्थान नहीं है।`
यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो वह धोखाधड़ी का प्रयास कर रहा है।
*ऐसे करें शिकायत*
वनमंडलाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि:
1. किसी भी फर्जी कॉल, संदेश या प्रलोभन पर विश्वास न करें
2. किसी को धनराशि न दें
3. यदि इस तरह का कॉल आए तो संबंधित मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखकर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर सेल को सूचना दें
उन्होंने कहा कि भर्ती से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें और अफवाहों से सतर्क रहें।






