डोंगरगांव( घनश्याम साव)।पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, डोंगरगांव में नवगठित शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) की प्रथम मासिक बैठक में नवनियुक्त अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सतीश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यालयीन स्टॉफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पांजलि एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री पाण्डेय उपाध्यक्ष रंजू रत्नाकर तथा समिति के समस्त सदस्यों का औपचारिक परिचय कराया गया।अपने प्रथम अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री पाण्डे ने कहा कि- “शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष होना केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामाजिक एवं नैतिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय की वास्तविक सफलता बैठकों की संख्या से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुदृढ़ संस्कारों से मापी जाती है।”
उन्होंने कहा कि विद्यालय का समग्र विकास तभी संभव है, जब शिक्षक, अभिभावक और शाला प्रबंधन समिति परस्पर विश्वास, संवाद और सहभागिता के साथ कार्य करें। यदि ये तीनों एक परिवार की तरह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, तो कोई भी बच्चा शिक्षा और अवसरों से वंचित नहीं रहेगा।
अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल परीक्षा परिणाम के समय विद्यालय न आएँ, बल्कि बच्चों की नियमित पढ़ाई, व्यवहार, अनुशासन और सर्वांगीण विकास में निरंतर सहभागी बनें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी एसएमसी बैठकें केवल औपचारिक बैठकें नहीं होंगी, बल्कि उनमें लिए गए निर्णयों की समीक्षा, प्रगति का मूल्यांकन तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, नैतिक शिक्षा, अनुशासन तथा अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता वाले बच्चों पर विशेष प्राथमिकता से कार्य करने की बात भी उन्होंने कही।बैठक के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर विचार-विमर्श के उपरांत आवश्यक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए तथा उनके समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के सम्मानित सदस्य गम्पा राम यादव, खेलन सार्वा, कोमल साहू (पार्षद), निर्मला मालेकर, लोकेश यदु, वीरेंद्र साहू, संजय गुप्ता, टेकेश्वर देवांगन, कविता कसेर, रीना वर्मा, विभा चौबे, वर्निमा साहू, चित्ररेखा मेश्राम , देहुती साहू सहित संस्था के अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावकगण तथा विद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित थे,






