- ग्राम पंडरभट्ठा में पौधरोपण कर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले *वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत* का 25वां शहादत दिवस रविवार को विकासखंड मुंगेली के *ग्राम पंडरभट्ठा* स्थित शहीद स्मारक परिसर में श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया गया।

पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के तत्वावधान में आयोजित इस रजत जयंती शहादत समारोह में कलेक्टर *कुन्दन कुमार* और एसपी *भोजराम पटेल* मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में शहीद परिवार, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि से हुई। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि `शहीद धनंजय सिंह का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। देश का तिरंगा आज जिस गौरव से लहरा रहा है उसके पीछे हमारे सैनिकों का त्याग है।` उन्होंने शहीद परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि `शहीद का जीवन युवाओं के लिए साहस और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है।` डीएफओ अभिनव कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति को पौधरोपण जैसे कार्यों से सहेजना चाहिए।
*मार्मिक रहा शहीद का जीवन परिचय*
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष *त्रिभुवन यादव* ने बताया कि पंडरभट्ठा निवासी धनंजय सिंह 1993 में सेना में भर्ती हुए थे। 15 जुलाई 2001 को जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बाद 16 जुलाई 2001 को वे वीरगति को प्राप्त हुए। 19 जुलाई को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया गया था।
*निःशुल्क प्रशिक्षण से 115 युवाओं का सेना में चयन*
कार्यक्रम में संगठन द्वारा जून 2022 से चलाए जा रहे निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण की उपलब्धियां भी बताई गईं। अब तक 115 युवाओं का अग्निवीर, एसएससी जीडी और पैरामिलिट्री बलों में चयन हो चुका है। इस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
संगठन ने प्रशासन से स्टेडियम में मिट्टी का रनिंग ट्रैक, शहीद स्मारक का पुनर्निर्माण और परिसर में फेंसिंग की मांग भी रखी।
अंत में कलेक्टर ने बादाम और एसपी ने कटहल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन *सूरज शर्मा* ने किया।






