शादी का दबाव बनाने पर नाबालिग प्रेमिका की जघन्य हत्या, चलती ट्रेन से फेंका, 3 गिरफ्तार

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने शादी का दबाव बना रही अपनी नाबालिग प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मोहन वर्मा समेत तीन लोगों को मात्र 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्य आरोपी मोहन वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम चिचोला का पीड़िता के साथ पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। दैहिक शोषण के बाद जब नाबालिग ने साथ रहने का दबाव बनाया, तो मोहन ने अपने दो दोस्तों हरीश वर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम अछोली और एक अन्य किशोर के साथ मिलकर उसे मारने की योजना बनाई। 28 मार्च की रात आरोपियों ने मामा की शादी में आई बालिका का अपहरण किया। साक्ष्य मिटाने के लिए रास्ते में उसके कपड़े बदलवाए और मोबाइल तोड़ दिया।

इसके बाद आरोपी उसे डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में लेकर निकले। जयरामनगर रेलवे स्टेशन के पास विवाद होने पर आरोपियों ने नाबालिग को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने हत्या, षडयंत्र और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बालिग आरोपियों को जेल और किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

Hot Topics

Related Articles