डोंगरगढ़। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय डोंगरगढ़ में आयोजित प्रांतीय आचार्य सामान्य प्रशिक्षण एवं दक्षता वर्ग 2026 का समापन समारोह गुरुवार को हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान शिक्षा, राजनीति और कानून व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बड़े बयान दिए।
प्रदेश में लंबे समय से अटकी शिक्षक भर्ती को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने साफ कहा कि भर्ती को लेकर कोई संशय का विषय नहीं है। सरकार द्वारा पद स्वीकृत किए जा चुके हैं। जल्द ही भर्ती का नोटिफिकेशन एवं सिलेबस जारी कर दिया जाएगा। मंत्री के इस बयान के बाद भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं में नई उम्मीद जगी है।
जिले के ग्राम दीवान झिटिया में सोलर प्लांट की भूमि विवाद को लेकर लगभग 150 भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सामूहिक त्यागपत्र पर मंत्री यादव ने कहा कि मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं था। अब पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के इस बयान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।





