भाटापारा तहसील के टोनाटार चक क्षेत्र के आश्रित ग्राम अर्जुनी में सामाजिक, आर्थिक, रोजगार, ग्रामीण समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर एक वृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अंचल के 17 गांवों के रायपंचों, समस्त डीहवारों, गोंडवाना समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की। बैठक के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तलाशने, सामाजिक एकजुटता को मजबूती प्रदान करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
समाज के अध्यक्ष थानू नेताम ने कहा कि आज की लड़ाई बंदूक और गोली की नहीं, बल्कि शिक्षा और कलम की है। आधुनिक दौर में समाज को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए शिक्षा, जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती ही सबसे बड़ा हथियार है। युवाओं को नशे, दिशाहीनता से बचाकर उच्च शिक्षा की ओर मोड़ना होगा। इससे वे समाज, क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। समीक्षा बैठक में समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों, फिजूलखर्ची को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आपसी भाईचारा, सहयोग की भावना से ही गांवों की स्थानीय समस्याओं का समाधान संभव है। इसके साथ ही गांवों में शिक्षा का स्तर सुधारने, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने, सामाजिक एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए समय-समय पर ऐसे संवाद के आयोजन का निर्णय लिया गया। समाचार बनाए






