Thursday, February 26, 2026
More

    शिवनाथ एनीकट के पास मुंगूस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार — संयुक्त कार्रवाई में जेल भेजा गया

    डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)थाना डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी एनीकट के पास वन्य प्राणी इंडियन ग्रे मुंगूस का शिकार करने वाले आरोपी को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के कब्जे से एक नग मृत इंडियन ग्रे मुंगूस बरामद किया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि शिवनाथ नदी एनीकट के पास एक व्यक्ति ने इंडियन ग्रे मुंगूस का शिकार कर उसे अपने पास रखा है। सूचना मिलते ही थाना डोंगरगांव की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

    पुलिस टीम ने ग्राम मटिया स्थित शिवनाथ नदी एनीकट के पास घेराबंदी कर आरोपी गोकुल उईके (22 वर्ष), पिता मनेजर उईके, निवासी ग्राम आरी कोनारी, थाना डोंगरगांव को पकड़ा। उसके कब्जे से एक मृत इंडियन ग्रे मुंगूस बरामद किया गया। तत्पश्चात वन विभाग को सूचित कर आरोपी एवं मृत वन्य प्राणी को सुपुर्द किया गया।

    वन विभाग डोंगरगांव द्वारा आरोपी के विरुद्ध पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 17845/08 दिनांक 23.01.2026 दर्ज कर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 49, 51 एवं 57 के तहत अपराध कायम किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

    इस संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर (थाना प्रभारी डोंगरगांव), उपमंडल अधिकारी योगेश साहू (वन विभाग राजनांदगांव), लवकेश गिलहरे (वन परिक्षेत्र अधिकारी डोंगरगांव), आकाश ठाकुर (वन परिक्षेत्र अधिकारी खुज्जी), प्रवीन देहारे (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी उमरवाही), विनोद मिश्रा (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी डोंगरगांव) एवं पंकज निर्मल (वन रक्षक डोंगरगांव) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!