बलौदाबाजार(मोहन तिवारी)संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती एवं गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार शाम दशरमा रोड स्थित संत रविदास मंदिर (मछली मार्केट के पास) में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बलौदाबाजार विधायक कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर गुरुजनों, वरिष्ठजनों एवं पत्रकारों का सम्मान किया गया तथा भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ। अपने संबोधन में मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन से समाज को समानता, भाईचारे, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” हमें यह प्रेरणा देता है कि यदि मन निर्मल और पवित्र हो तो ईश्वर की कृपा हर स्थान पर प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि बाहरी आडंबर नहीं, बल्कि सच्चे कर्म, विनम्रता और सदाचार ही मनुष्य को महान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समरस समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से संत रविदास के बताए आदर्शों को जीवन में अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने भी संत रविदास महाराज के जीवन और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष राकेश ध्रुव के , के,वर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन, पत्रकार, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






