संत रविदास जयंती: रायपुर में कल होगा प्रदेशस्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान

रायपुर।संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 4 अगस्त को रायपुर में प्रदेशस्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वाराणसी से लाए गए पवित्र कलश का होगा वितरण

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से लाए गए पवित्र माटी एवं जलयुक्त कलश प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश के साधु-संतों के साथ विभिन्न समाजों के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे।

36 रथों के जरिए पहुंचेगा हर जिले तक अभियान

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संत रविदास जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया कि संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के लिए 36 विशेष रथ तैयार किए गए हैं। प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम के बाद ये रथ भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों में पहुंचेंगे और वहां जिलास्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गांव-गांव तक पहुंचेगा कलश

जिलास्तरीय कार्यक्रम के बाद कलशों को मंडल इकाइयों को सौंपा जाएगा। इसके बाद ये कलश प्रमुख गांवों तक ले जाए जाएंगे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय मंदिरों में स्थापित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सामाजिक सद्भाव और समानता के संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाना बताया गया है।

Hot Topics

Related Articles