संदीप यादव मुंगेली। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए मुंगेली जिले को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने सम्मानित किया। प्रदेश के आठ पुरस्कृत जिलों में मुंगेली को भी स्थान मिला है।
जिले की ओर से एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा ने यह सम्मान प्राप्त किया। एसएसपी के निर्देशन में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक संचालित अभियान के दौरान मुंगेली पुलिस ने 18 लाख 32 हजार 13 लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। इनमें छात्र-छात्राएं, महिलाएं, पुरुष एवं बुजुर्ग शामिल रहे।
मुंगेली जिले को यह सम्मान सभी ग्राम पंचायतों में साइबर जागृति की शपथ दिलाकर ग्रामीण एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रदान किया गया। अभियान के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
इस उपलब्धि पर एसएसपी भोजराम पटेल ने साइबर टीम, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जिले की जागरूक जनता को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।
मुंगेली पुलिस की अपील – स्वयं जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक करें और साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।






