सरगांव के बिरदिबा में खेत में करंट लगने से किसान की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

जर्जर तार और लापरवाही को जिम्मेदार बता रहे ग्रामीण

मुंगेली। रिपोर्टर संदीप यादव।सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिरदिबा में बुधवार को खेत में पानी देखने गए किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बिरदिबा निवासी *मांगीलाल राजपूत 60 वर्ष* बुधवार सुबह लगभग 8 बजे अपने खेत में पानी की व्यवस्था देखने पहुंचे थे। इसी दौरान खेत में फैले विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक के भतीजे *हेमंत कुमार राजपूत* की सूचना पर सरगांव पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंचकर सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, जिससे किसी अन्य जनहानि की आशंका टल गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिया।

*ग्रामीणों में आक्रोश*  

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से कई बिजली के खंभे झुके हुए स्थिति में हैं और विद्युत तार भी जर्जर अवस्था में हैं। शिकायत के बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी। वहीं इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल पद से हटाने तथा दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles