(राजकुमार अग्रवाल )भगत देवरी/पिथौरा :- गांव के तालाब की पचरी लंबे समय से बेहद जर्जर और गंभीर स्थिति में थी। ग्रामीणों द्वारा सरपंच और उपसरपंच को बार-बार जानकारी देने के बावजूद पचरी का निर्माण नहीं कराया गया। आखिरकार ग्रामीणों ने खुद आगे आकर श्रमदान और सहयोग से तालाब की पचरी का निर्माण शुरू किया।

इस कार्य में विष्णु महापात्र ने सीमेंट, नरेश निषाद ने ईंट और अजय साहू ने रेत का योगदान किया। वहीं केशव पटेल, साहराम यादव, सोहन लाला, भानु यादव, योगरामलाल (बंनदुर्गा मंदिर भगत देवरी के पुजारी), दिलेश पटेल और ललित सिदार सहित अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान कर सहयोग दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में छोटे-छोटे विकास कार्यों के लिए भी उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की सरपंच पिछले लगभग 8 महीने से पंचायत से अनुपस्थित हैं और पंचायत का कामकाज उनके पति द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम को लिखित आवेदन देकर शिकायत भी की थी, लेकिन आवेदन देने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तालाब की पचरी जैसे छोटे काम के लिए भी बार-बार गुहार लगाने के बाद समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर सीमेंट, ईंट, रेत और श्रमदान से यह काम पूरा करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरपंच की लगातार अनुपस्थिति और पंचायत संचालन को लेकर दी गई शिकायत पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।






