बलौदाबाजार ,रविवार को बलौदाबाजार का मुख्य मार्ग आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज जिला इकाई बलौदाबाजार एवं समस्त सभा समाज के तत्वावधान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले शहर के मुख्य मार्ग पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जिले के दूर-के दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल युवक-युवतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आदिवासी युवतियों के पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियों ने रैली में उत्साह भर दिया। ढोल-मांदर और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर थिरकते कदमों ने माहौल को जीवंत बना दिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा को देखा और आदिवासी संस्कृति की झलकियों को अपने कैमरों में कैद किया। रैली में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शोभायात्रा जिला ऑडिटोरियम, अंबेडकर चौक पहुंची, जहां जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रभाग सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ सुभाष परते रहे। अध्यक्षता सर्व आदिवासी समाज जिला बलौदाबाजार के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र धुर्वंशी ने की। प्रदेश सचिव सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ विनोद नागवंशी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश धु्रव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से है। इन परंपराओं को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ाना जरूरी है। समाज में एकजुटता बनाए रखने और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिखाई दिया। आयोजक सर्व आदिवासी समाज एवं समस्त सभा समाज जिला इकाई बलौदाबाजार ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उत्साह और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ समारोह का समापन हुआ।














