बलौदाबाजार | (रिपोर्टर मोहन तिवारी)छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा पुलिस विभाग में सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर (विशेष शाखा) एवं प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा रविवार 12 जुलाई को आयोजित होगी। जिले में परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,474 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों में शासकीय दाऊ कल्याण आर्ट्स एंड कॉमर्स पीजी कॉलेज, शासकीय मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज, सेजेस पं. चक्रपाणी शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबेडकर चौक तथा एमडीवी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति साथ लाने के निर्देश दिए हैं। बिना प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।






