बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दुर्ग और धमतरी के बाद अब ED की टीम बलरामपुर पहुंची है, जहां सर्किट हाउस में अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी की टीम दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची और सीधे सर्किट हाउस गई। टीम के पहुंचने के बाद परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।जानकारी के मुताबिक, ED की टीम मंगलवार सुबह दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची। टीम के सर्किट हाउस पहुंचने के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसके बाद अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को सर्किट हाउस बुलाया गया, जहां उनसे पूछताछ शुरू की गई। फिलहाल जांच एजेंसी की पूछताछ जारी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ED की टीम किस मामले या किस जांच के सिलसिले में अपर कलेक्टर से पूछताछ कर रही है।अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया का पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वे तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह बलरामपुर जिले में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। ऐसे में ED की टीम द्वारा उनसे पूछताछ किए जाने की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पूछताछ के पीछे की वजह को लेकर अभी तक जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।











