कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर/सीपत
सीपत थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर सात बैटरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच चोरी के आरोपी और एक चोरी की बैटरियां खरीदने वाला व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनुप पटेल (22 वर्ष), निवासी मऊगंज, जिला रीवा (मध्यप्रदेश), ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी पिछले छह माह से आइडिया कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। कंपनी का मोबाइल टावर सीपत क्षेत्र के नवाडीह स्थित तिवारी चाल में है। टावर के स्टोर रूम में अमर राजा कंपनी की सात बैटरियां रखी थीं। अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय स्टोर रूम का ताला तोड़कर बैटरियां चोरी कर ली थीं।
पूछताछ में सामने आया खरीदार का
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की सात बैटरियां झलमला निवासी अरमानुद्दीन को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने चोरी के पांच आरोपियों के साथ कथित खरीदार अरमानुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये छह आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद पटेल (45 वर्ष), संतोष सिदार (55 वर्ष), मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह (50 वर्ष), राजेंद्र यादव उर्फ सुखदेव यादव (40 वर्ष), देवी प्रसाद यादव (30 वर्ष), सभी निवासी नवाडीह, सीपत क्षेत्र, तथा अरमानुद्दीन (42 वर्ष), निवासी झलमला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर शामिल हैं।






