बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रवान स्थित एक सीमेंट संयंत्र में ऊंचाई से गिरने के कारण एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान हेमप्रकाश खुंटे के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या है या फिर सुरक्षा में लापरवाही का परिणाम। पुलिस की प्रारंभिक जांच और संयंत्र से मिली जानकारी के अनुसार, मजदूर के सातवीं या नौवीं मंजिल से कूदने की बात सामने आ रही है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक साथी मजदूर ने उसे रोकने का प्रयास भी किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की संभावना को पूरी तरह खारिज किया है। परिजनों का कहना है कि हेमप्रकाश सुबह सामान्य स्थिति में घर से काम पर गया था और परिवार में किसी भी तरह का विवाद नहीं था। वे इसे संदिग्ध मौत मानते हुए गहन जांच की मांग कर रहे हैं। मृतक परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई और जब वे संयंत्र पहुंचे तो उन्हें भीतर जाने से रोक दिया गया। इसके अलावा, परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके से एक एम्बुलेंस निकली लेकिन उन्हें उसमें बैठने नहीं दिया गया और न ही किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी दी गई। सूत्रों के अनुसार, मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।








