बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र स्थित सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहने वाला 19 वर्षीय छात्र रोहित कुमार पिछले छह दिनों से लापता है। पुलिस ने छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर गुम इंसान प्रकरण संख्या 29/2026 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। पुलिस के अनुसार रोहित कुमार पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) छात्रावास में पढ़ाई कर रहा था। वह 6 मार्च 2026 को शाम लगभग 4 बजे से लापता है। प्रारंभिक जांच में छात्र के कमरे से ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़े कार्रवाई, कर बकाया जमा नहीं करने पर निगम का एक्शन दस्तावेज, मोबाइल फोन (बिना सिम) और एक नोटबुक मिली है। नोटबुक में करीब 40,77,400 रुपए के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया। जांच में यह जानकारी भी मिली कि रोहित ने अपनी मां को कहीं जाने का मैसेज भेजा था। लेकिन वह डिलीवर नहीं हुआ। छात्र की ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों और पैसों के लेन-देन की जानकारी के अनुसार, रोहित कई लोगों के साथ कैश और यूपीआई के माध्यम से लेन-देन करता था। बैंक खातों की जांच में लगभग 7 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन मिले हैं। पुलिस ने छात्रावास के अन्य छात्रों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ की है। तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्य खंगाले गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम और पेट्रोल पंप से खंगाले गए। तलाश में डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई। पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। परिजनों ने बताया कि उन्हें रोहित के ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और परिजनों को प्रगति से अवगत कराया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।





