Thursday, February 26, 2026
More

    सौतेले पिता की हत्या करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के अहिवारा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो सगे भाइयों ने अपने सौतेले पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो शराब के नशे में अक्सर घर में गाली-गलौज और मारपीट करता था। यही वजह इस घटना का कारण बनी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। घटना कैसे घटी मामला 30 सितंबर 2025 की शाम का है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अरुण कुमार बंजारे ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर था, तभी पड़ोस में रहने वाले बड़े पिता की पुत्री मीरावती के घर से झगड़े और रोने की आवाजें सुनाई दीं। जब वह वहां पहुंचा, तो देखा कि मीरावती का पति बलविंदर सिंह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और खून बह रहा था। मीरावती ने बताया कि उसका पति शराब पीकर घर आया और उसे गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, उसने उसे धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। यह सब देखकर उसके पुत्र त्रिलोचन कोसरे और भूपेश कोसरे का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बलविंदर पर हमला कर दिया।  फावड़ा और डंडे से की हत्या पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान त्रिलोचन कोसरे ने आंगन में रखे फावड़े से बलविंदर के सिर पर वार किया, वहीं उसका भाई भूपेश कोसरे ने डंडे से हमला किया। दोनों ओर से हुए हमले में बलविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रार्थी की शिकायत पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 245/2025 दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा बरामद कर जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। इलाके में दहशत और चर्चा इस वारदात के बाद से अहिवारा इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग दबी जुबान में कह रहे हैं कि बलविंदर शराब के नशे में आए दिन घर में विवाद करता था और उसकी आदतों से परिवार परेशान था। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना भले ही घरेलू विवाद से जुड़ी हो, लेकिन इस तरह की बर्बर हत्या किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी त्रिलोचन कोसरे, उम्र 22 वर्ष भूपेश कोसरे, उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी अहिवारा, नंदिनी नगर, दुर्ग पुलिस का कहना है कि आगे भी मामले की गहन जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस वारदात में और कोई शामिल था या नहीं। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

     

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!