दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा में ठेकेदार की मौत हो गई. मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस के तापमान वाला पिघला लोहा ठेकेदार के शरीर पर गिर गया. गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतक संतोष कुमार श्रीवास्तव बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना से जुड़ा भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा हुआ नजर आ रहा है. वह बदहवास स्थिति में सीढ़ियों से नीचे दौड़ता है. आसपास मौजूद मजदूर उसे बचाने की जद्दोजहर करते दिखे. हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद पूरी हो पाएगी. इस घटना से प्लांट के कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
जानकारी के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की बताई जा रही है, ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव प्लांट में मौजूद थे. वह ठेकेदारी का काम करते थे. देर रात प्लांट में टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया, जिससे पिघला लोहा संतोष के शरीर पर जा गिरा, जिसका तापमान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था।घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से झुलसे ठेकेदार का डॉक्टरों से इलाज शुरू किया. उन्होंने बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे संतोष ने दम तोड़ दिया।
इस हादसे से जुड़ा हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर तेज से वारयल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति जो आग से घिरा हुआ है, वह सीढ़ियों पर नीचे की ओर भागता नजर आता है. आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते हैं। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह व्यक्ति बेसुध होकर गिर जाता है. फिलहाल इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत के बाद उनके शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं अगले दिन यानी 18 अक्टूबर को पीएम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया. अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को बिहार लेकर गए।






