बलौदा बाजार भाटापारा,जिले के पड़ोसी जिलों रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, बेमेतरा और गरियाबंद में स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद बलौदाबाजार स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। हालांकि राहत की बात यह है कि जिले में अब तक स्वाइन फ्लू का एक भी मरीज सामने नहीं आया है।
दूसरी ओर मौसम में बदलाव के साथ वायरल फीवर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की रोजाना ओपीडी 400 से बढ़कर करीब 700 तक पहुंच गई है। इनमें 200 से अधिक मरीज वायरल फीवर के बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के सामने फिलहाल दोहरी चुनौती है। एक ओर स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों की पहचान कर उनके सैंपल की जांच कराने और संक्रमित मरीजों की निगरानी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर वायरल फीवर के बढ़ते मामलों से अस्पतालों पर मरीजों के इलाज का दबाव बढ़ गया है।
डॉक्टरों के अनुसार वायरल फीवर और स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण कई बार एक जैसे दिखाई देते हैं। ऐसे में बुखार, सर्दी-खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण वाले मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच कराई जा रही है। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के सैंपल जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लिए जा रहे हैं। इसके बाद सैंपल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे जाते हैं, जहां आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा उपलब्ध है। संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार किया जाएगा। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। डॉक्टरों ने बुखार, सर्दी या खांसी होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी है। खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढंकने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्याप्त पानी पिएं। सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि जिला अस्पताल में वायरल फीवर के मरीज बढ़ने से रोजाना ओपीडी बढ़ गई है सोमवार को करीब 700 तक पहुंच गई थी। इनमें लगभग 200 मरीज वायरल फीवर के हैं। जिले में अभी तक स्वाइन फ्लू का एक भी मरीज नहीं मिला है।








