होली के दिन डोंगरगांव में मातम: प्रशांत जैन ने लगाई फांसी, 1 साल पहले खोली थी नई भव्य दुकान

  • प्रशांत होलसेल बाजार के थे संचालक

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। रंगों के पर्व होली के बीच नगर में उस समय गहरा शोक छा गया, जब 39 वर्षीय प्रतिष्ठित व्यापारी प्रशांत जैन (स्वप्निल) ने कथित रूप से लोहे की चेन के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नागरिक उनके घर के बाहर पहुंच गए और शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।

मित्रजनों के अनुसार, वे कुछ समय से अस्वस्थ थे और नागपुर में इलाज चल रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व ही उन्होंने नगर में अपनी नई और भव्य दुकान प्रशांत होलसेल बाजार की शुरुआत की थी, जो कम समय में ही थोक व्यापार के क्षेत्र में स्थापित नाम बन गई थी।

पिता के निधन के बाद संभाला था कारोबार

करीबी लोगों ने बताया कि लगभग 25 वर्ष पूर्व पिता के निधन के बाद उन्होंने कम उम्र में ही पारिवारिक व्यापार की जिम्मेदारी संभाली और अपने प्रयासों से उसे आगे बढ़ाया।

होली के आयोजन किए गए स्थगित

होली के चलते बाजार पूर्व निर्धारित रूप से बंद था, लेकिन नगर में चल रहे होली उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को घटना के बाद तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया। उत्सव का माहौल देखते ही देखते शोक में बदल गया।

भरा-पूरा परिवार छोड़ गए, छोटे बच्चों के थे पिता

प्रशांत जैन अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे छोटे-छोटे बच्चों के पिता थे। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वे समाज में लोकप्रिय थे। घटना के बाद पूरे नगर में शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Hot Topics

Related Articles