डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)। नगर पंचायत को विकास कार्यों के लिए बड़ी सौगात मिली है। करीब 1 करोड़ 99 लाख 70 हजार रुपए की लागत से दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है। इससे नगर के व्यापारिक और सामाजिक ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी के प्रयासों से वार्ड क्रमांक 02 में लगभग 1 करोड़ 49 लाख 70 हजार रुपए की लागत से आधुनिक हाट बाजार (सब्जी बाजार परिसर) का निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 09 करियाटोला में 50 लाख रुपए की लागत से मंगलिक भवन बनाया जाएगा।
व्यापार और सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
प्रस्तावित हाट बाजार के निर्माण से सब्जी विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों को एक व्यवस्थित एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। अभी तक सड़क किनारे या अस्थायी ढांचे में व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को स्थायी व्यवस्था मिलेगी, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इसी तरह करियाटोला में बनने वाला मंगलिक भवन शादी-विवाह, सामूहिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे स्थानीय नागरिकों को कम खर्च में उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने कहा कि यह स्वीकृति परिषद के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। प्रस्ताव तैयार करने से लेकर शासन स्तर तक लगातार फॉलोअप किया गया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।





