50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम

कसडोल,कंवर समाज कसडोल के लिए 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या देवी साय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कसडोल विधायक, पूर्व केंद्रीय मंत्री नंद कुमार साय एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल उपस्थित रहे।

भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के कसडोल प्रवास के दौरान उन्होंने कंवर समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए की मांग रखी थी, जिसकी मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि आज उसी भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा 200 आदिवासी छात्र-छात्राओं को प्रयास के माध्यम से आईएएस एवं आईपीएस की कोचिंग के लिए दिल्ली में अध्ययन की सुविधा दिए जाने की जानकारी भी दी। अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के समक्ष शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपए की मांग रखी। साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए विकास कार्यों से संबंधित मांगों को पूरा करने का आग्रह किया।

वीर नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान को किया याद: पूर्व केंद्रीय मंत्री नंद कुमार साय ने अपने संबोधन में शहीद वीर नारायण सिंह के संघर्ष एवं अंग्रेजों के खिलाफ उनके साहसिक योगदान को याद किया। उन्होंने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और वीर नारायण सिंह के बलिदान का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कसडोल विधायक संदीप साहू ने कसडोल में निर्मित स्टेडियम का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर करने की मांग रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कौशल्या देवी साय ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि कंवर समाज प्रकृति की पूजा करने वाला समाज है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से संगठित होकर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में एकता होगी तो रोटी-बेटी के संबंध सहित सभी सामाजिक गतिविधियों में एकरूपता एवं मजबूती आएगी।

 

Hot Topics

Related Articles