51 फीट ऊंचे रावण का दहन, राम-रावण युद्ध देखने उमड़ी भीड़

एक घंटे तक हुई जोरदार आतिशबाजी, दशहरा मैदान में उमड़ा जनसैलाब; जनप्रतिनिधियों ने दिया सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेशविशाल एलईडी स्क्रीन पर रामलीला का लाइव मंचन और मनमोहक आतिशबाजी ने आयोजन को आकर्षक

भाटापारा। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी भाटापारा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रावनभाठा में श्री आदर्श रामलीला नाटक मंडली के आयोजन में भव्य रामलीला का मंचन किया गया। इसके बाद 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक हुई जोरदार आतिशबाजी से पूरा दशहरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी मैदान में पहुंचे।

राम-रावण युद्ध के मंचन ने बांधा समां

रावण दहन से पहले रामलीला मंडली के कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध का जीवंत मंचन किया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवाद अदायगी के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को प्रस्तुत किया। रावण के अहंकार और भगवान श्रीराम के धर्म एवं सत्य के संदेश ने दर्शकों को आकर्षित किया। मंचन के दौरान मैदान में मौजूद दर्शक भावविभोर हो गए।

रामलीला की प्रस्तुति के बाद विधि-विधान और उत्साह के बीच 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इसके साथ ही शुरू हुई आतिशबाजी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पटाखों की रंग-बिरंगी रोशनी और रावण दहन के दृश्य को देखने के लिए लोग देर तक मैदान में मौजूद रहे।

विधायक इंद्र साव ने दिया प्रभु श्रीराम के आदर्शों का संदेश

विधायक इंद्र साव भाटापारा शहर के रावनभाठा स्थित दशहरा मैदान में आयोजित रामलीला मंचन एवं रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विजयादशमी के अवसर पर प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म और सदाचार के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें बुराई का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बने रहने की कामना की।

शिवरतन शर्मा ने बताया सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक

पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। इस अवसर पर अधर्म और अहंकार के प्रतीक रावण, मेघनाथ एवं कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें सिखाती है कि अधर्म, अन्याय, असत्य और अत्याचार पर धर्म, न्याय, सत्य एवं सदाचार की हमेशा विजय होती है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को समाज में अच्छाई, सद्भाव और भाईचारा फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा—सत्य और धर्म की सदैव होती है विजय

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व धार्मिक आस्था, जन-उल्लास और सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रावनभाठा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण सहित कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। भव्य प्रकाश सज्जा, विशाल एलईडी स्क्रीन पर रामलीला का लाइव मंचन और मनमोहक आतिशबाजी ने आयोजन को आकर्षक एवं अविस्मरणीय बना दिया।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने, सत्य एवं धर्म के मार्ग पर अडिग रहने तथा अपने भीतर के अहंकार, द्वेष और अधर्म का त्याग करने की प्रेरणा देती है। यह पर्व स्मरण कराता है कि अंततः विजय सदैव सत्य, धर्म एवं सदाचार की ही होती है।

उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त नगरवासियों पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल का वास हो। उन्होंने नगरवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता

आयोजन में नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया, पार्षद लक्ष्मीकांत टंडन, सतीश तलरेजा, गोविंद पटेल, दशरथ साहू, सुशील शर्मा, आलोक मिश्रा, दिवाकर मिश्रा, सतीश अग्रवाल, सुनील शर्मा, सुनील यदु, धनजय तिवारी, नंदकिशोर वैष्णव, आशीष जयसवाल,राजा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

आयोजन समिति ने रामलीला के सफल मंचन और रावण दहन की व्यवस्था की। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने आयोजन समिति तथा रामलीला मंडली के कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। भव्य रामलीला, रावण दहन और आकर्षक आतिशबाजी के साथ भाटापारा में विजयादशमी उत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 

Hot Topics

Related Articles