63 लाख के हीरों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा कनेक्शन उजागर

गरियाबंद। ओडिशा से गांजा तस्करी के आपने कई मामले सुने और पढ़े होंगे। लेकिन गरियाबंद पुलिस ने आडिशा के एक हीरा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मूलतः ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र का रहने वाला है, जो कि बगैर तराशे हुए 34 नग हीरा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा था। आरोपी के पास से जब्त हीरे की कीमत 63.50 लाख रूपये बतायी जा रही है। पुलिस पकड़े गये हीरा तस्कर से इस पूरे नेटवर्क के साथ ही तस्करों के माध्यम से हीरा खरीदने वालों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक उन्हे जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर ग्राम नहरगांव स्थित स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली थी, जो कि हीरा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 34 नग कच्चे हीरे बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी हीरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हीरों को जब्त कर लिया है। पुलिस के गिरफ्त में आये आरोपी की पहचान बंशी शेट्टी के रूप में की गयी है, जो कि ओडिशा के कालाहांडी स्थित भवानीपटना का निवासी है। हीरा तस्कर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस अवैध कारोबार का लिंक जोड़ने में जुटी हुई है। पुलिस इस अवैध कारोबार के सरगना समेत छत्तीसगढ़ के उन कारोबारियों का सुराग जुटाने में लगी हुई, जो कि ऐसे तस्करोें के माध्यम से हीरे की खरीदी करते है।

Hot Topics

Related Articles