छोटे भाई को डूबता देख बचाने डबरी में उतरी बहन, दोनों की हुई मौत

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के बीच मानपुर विकासखंड के औंधी गांव में पानी से भरे डबरी नुमा गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पानी में डूब रहे 6 वर्षीय छोटे भाई को बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय बहन ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भाई को बचा नहीं सकी और खुद भी डूब गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

खेत में खेलते समय हुआ हादसा

घटना तहसील मुख्यालय औंधी गांव की है। इसकी पुष्टि औंधी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवल साव ने की है। जानकारी के मुताबिक, गांव के एक निजी विद्यालय में शिक्षक जीवन तिर्की की करीब 12 वर्षीय बेटी सृष्टि तिर्की और 6 वर्षीय बेटा एलेक्स तिर्की गांव से लगे अपने खेत में खेल रहे थे।इस दौरान दोनों खेत में स्थित डबरी (तालाब) नुमा गड्ढे के पास पहुंच गए। बारिश के चलते गड्ढे में अच्छा-खासा जलभराव था। खेलते-खेलते मासूम एलेक्स तिर्की पानी से लबालब डबरी नुमा गड्ढे में पहुंच गया और पानी में डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देख बहन सृष्टि भी भाई को बचाने के लिए पानी में उतर गई। लेकिन वह न भाई को बाहर निकाल पाई, न खुद बाहर निकल सकी और दोनों भाई-बहन पानी में डूबकर काल के गाल में समा गए। बताया जा रहा है कि डबरी से कुछ दूर खेत में ही परिवार के अन्य लोग मौजूद थे। लेकिन जब तक वे घटना को जान और समझ पाते, तब तक देर हो चुकी थी।बता दें कि जिस निजी स्कूल में मृतकों के पिता जीवन तिर्की अध्यापक हैं, उसी स्कूल में सृष्टि तिर्की कक्षा छठवीं में तथा एलेक्स तिर्की कक्षा पहली में अध्ययनरत थे। कल 15 अगस्त को दोनों भाई-बहन ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियां भी उत्साहपूर्वक मनाई थीं और आज दोनों ने हर किसी को रुला देने वाले हादसे का शिकार बन दुनिया से रुखसत हो गए।

Hot Topics

Related Articles